सूरजपुर /प्रेमनगर। पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस) प्रेमनगर में पदस्थ वाणिज्य व्याख्याता सचिन तिवारी का चयन क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान (RIE), भोपाल में आयोजित होने वाली पांच दिवसीय राष्ट्रीय आवासीय क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यशाला के लिए हुआ है।
समग्र शिक्षा (प्रारंभिक), जिला सूरजपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पीएमश्री योजना के अंतर्गत उच्च माध्यमिक स्तर के वाणिज्य व्याख्याताओं के क्षमता विकास (Capacity Building) के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण कार्यशाला 21 से 25 सितंबर 2026 तक भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित क्षेत्रीय शिक्षा संस्थान (RIE), NCERT में आयोजित की जाएगी।
प्रशिक्षण में वाणिज्य विषय के शिक्षण की आधुनिक पद्धतियों, नवाचार आधारित शिक्षण तकनीकों तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप प्रभावी शिक्षण विधियों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों की विषयगत एवं शैक्षणिक दक्षताओं को और अधिक प्रभावी बनाना है, ताकि वे विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर सकें।
सचिन तिवारी के चयन को विद्यालय एवं क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। उनके चयन पर विद्यालय के प्राचार्य आर.बी. सिंह ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर के इस प्रशिक्षण से प्राप्त अनुभव एवं नई शिक्षण तकनीकों का लाभ विद्यालय के विद्यार्थियों को मिलेगा।
प्रशिक्षण से लौटने के बाद प्राप्त ज्ञान एवं अनुभव को विद्यालय के शिक्षण कार्य में लागू करने से विद्यार्थियों को वाणिज्य विषय की पढ़ाई में आधुनिक एवं नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों का लाभ मिलने की उम्मीद है।