स्थानीय युवाओं ने सड़क पर बिखरे शव के अंश उठाए, पुलिस मौके पर खड़े होकर देती रही दिशा-निर्देश, हादसे के बाद ट्रेलर चालक फरार
सूरजपुर। सूरजपुर नगर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड स्थित एफसीआई गोदाम के पास बाईपास मार्ग पर शनिवार रात करीब 10:20 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार बाइक सवार दंपति को एक ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई और उसका शव सड़क पर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। वहीं बाइक चला रहे उसके पति की भी हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बाइक सवार पुरुष ने हेलमेट पहना हुआ था।
हादसा इतना भयावह था कि महिला के शव के कई अंश सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए। मौके पर मौजूद स्थानीय युवाओं ने मानवता का परिचय देते हुए सड़क पर बिखरे शव के अंशों को उठाने में मदद की। इस दौरान पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और युवाओं को दिशा-निर्देश देती रही। शव के अंशों को सड़क से हटाने के लिए पुलिस द्वारा स्वीपर बुलाए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक फरार, पहचान पर सवाल
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हादसा करने वाला ट्रेलर कौन सा था, उसका पंजीयन नंबर क्या है, वह कहां से आ रहा था और हादसे के बाद किस दिशा में फरार हुआ। पुलिस द्वारा फरार ट्रेलर और चालक की तलाश की जा रही है।
देर रात तक मृतक दंपति की पहचान भी स्पष्ट नहीं हो सकी थी। घटना की भयावहता ने मौके पर मौजूद लोगों को झकझोर कर रख दिया। अब सवाल यह है कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से फरार ट्रेलर की पहचान कर उसे कब तक पकड़ पाती है।