Cp sahu 

सूरजपुर। जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में मोबाइल दुकान में सेंधमारी कर लाखों रुपये के मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक सामान और नगदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक विधि से संघर्षरत बालक सहित चार आरोपियों को पकड़ लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के कुल ₹2 लाख 10 हजार मूल्य के मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जबकि कुछ सामान आरोपियों द्वारा नदी में फेंक देने की जानकारी भी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार ग्राम सलका निवासी कृष्ण कुमार साहू ने 18 जुलाई 2026 को थाना प्रेमनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17-18 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने उनकी मोनू मोबाइल दुकान की पीछे की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दो सीसीटीवी कैमरे, एक एलईडी टीवी, 16 मोबाइल फोन तथा ₹2,000 नगद चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत ₹2,86,550 बताई गई थी। शिकायत के आधार पर थाना प्रेमनगर में अपराध क्रमांक 95/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 331(4) एवं 305 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी पुलिस की सक्रियता से घबराकर चोरी किए गए नौ मोबाइल फोन कबीर चबूतरा के पास छोड़कर फरार हो गए हैं, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया।

जांच के दौरान पुलिस ने मुनेश्वर सिंह उईके (21 वर्ष), दिलीप कुमार उर्फ मंगलू (20 वर्ष) तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना को स्वीकार करते हुए बताया कि पुलिस के डर से नौ मोबाइल छोड़ दिए थे तथा दो मोबाइल प्रताप सिंह के पास रखे थे। इसके बाद पुलिस ने प्रताप सिंह (19 वर्ष) को भी पकड़ लिया। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि चोरी के चार मोबाइल फोन, सीसीटीवी कैमरे और एलईडी टीवी को नदी में फेंक दिया था।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने प्रताप सिंह के कब्जे से दो मोबाइल फोन तथा दिलीप उर्फ मंगलू के कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जबकि विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की गई।