Cp Sahu 

सूरजपुर। जिले के कलेक्टर जनदर्शन में एक बार फिर विकास कार्यों के भुगतान और कथित कमीशनखोरी का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत स्तर पर कराए गए निर्माण कार्यों के भुगतान में देरी और कमीशन की मांग के आरोप ने सरकारी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि कार्य समय पर और निर्धारित गुणवत्ता के साथ पूरा होने के बावजूद महीनों से भुगतान लंबित है, जिससे आर्थिक परेशानी बढ़ती जा रही है।

प्रेमनगर जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम उमेश्वरपुर निवासी सुभाष कुमार साहू ने कलेक्टर जनदर्शन में प्रस्तुत आवेदन में आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत उमेश्वरपुर एवं ग्राम पंचायत अनंतपुर, विकासखंड प्रेमनगर में सरगुजा विकास प्राधिकरण योजना के अंतर्गत वर्ष 2024-25 में स्वीकृत सार्वजनिक मंच निर्माण कार्य उन्होंने लगभग छह माह पूर्व पूर्ण कर दिया था। आवेदन के अनुसार कार्य का मूल्यांकन भी संबंधित अधिकारियों द्वारा किया जा चुका है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जनपद पंचायत प्रेमनगर के अनुविभागीय अधिकारी (आर.ई.एस.) तथा मनरेगा के उप अभियंता द्वारा कार्य के भुगतान के एवज में 3 प्रतिशत कमीशन की मांग की जा रही है। शिकायतकर्ता का कहना है कि कमीशन नहीं देने के कारण भुगतान संबंधी फाइल आगे नहीं बढ़ाई जा रही है तथा संबंधित अधिकारी द्वारा फाइल पर हस्ताक्षर भी नहीं किए जा रहे हैं।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि निर्माण कार्य अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरा किया गया है, इसके बावजूद भुगतान रोके जाने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए लंबित भुगतान शीघ्र जारी कराने की मांग की है। आवेदन के साथ निर्माण कार्य की फोटो भी संलग्न की गई है।

अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जिला प्रशासन शिकायत में लगाए गए आरोपों की किस प्रकार जांच करता है और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध क्या कार्रवाई की जाती है। फिलहाल आवेदन में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के हैं, जिनकी आधिकारिक पुष्टि या खंडन संबंधित विभाग की ओर से अभी तक सामने नहीं आया है।


आरोपी उप अभियंता