सूरजपुर। भारतीय जनता पार्टी संगठन लगातार जमीनी कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने और संगठन को सशक्त करने की दिशा में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। इसी क्रम में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष रामानंद जायसवाल ने जिले में संगठनात्मक विस्तार करते हुए महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का वितरण किया है। यह विस्तार न केवल संगठन की मजबूती को दर्शाता है, बल्कि उन कार्यकर्ताओं के प्रति विश्वास का प्रतीक भी है, जिन्होंने वर्षों तक निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी के लिए कार्य किया है।
इसी कड़ी में भाजपा मंडल प्रेमनगर के पिछड़ा वर्ग मोर्चा के मंडल अध्यक्ष पद पर अखिलेश साहू की मनोनयन की घोषणा की गई है। यह मनोनयन क्षेत्र में संगठनात्मक ऊर्जा को और अधिक गति देने वाला माना जा रहा है। अखिलेश साहू की नियुक्ति को संगठन ने एक ऐसे कार्यकर्ता के सम्मान के रूप में देखा है, जिन्होंने राजनीति को सेवा का माध्यम मानते हुए हमेशा आमजन और किसानों के मुद्दों को प्राथमिकता दी है।
मनोनीत होने के बाद Lokvichar से चर्चा करते हुए अखिलेश साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और उसकी सरकार किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पार्टी का मूल उद्देश्य किसान, ग्रामीण समाज और पिछड़ा वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करना है। उन्हें जो दायित्व सौंपा गया है, उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाने का वे हरसंभव प्रयास करेंगे तथा किसानों से जुड़े सरोकारों को मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।
उल्लेखनीय है कि अखिलेश साहू मूलतः प्रेमनगर विकासखंड के ग्राम पंचायत बकिरमा के निवासी हैं। वे पेशे से किसान हैं और ग्रामीण जीवन की वास्तविक चुनौतियों को भली-भांति समझते हैं। बचपन से ही भारतीय जनता पार्टी से जुड़कर उन्होंने एक सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में जमीनी स्तर पर संगठन के लिए कार्य किया है। पार्टी ने उनके समर्पण और कार्यक्षमता को देखते हुए पूर्व में उन्हें जिला कार्यसमिति सदस्य की जिम्मेदारी भी सौंपी थी, जिसे उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ निभाया। अब प्रेमनगर मंडल में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के मंडल अध्यक्ष के रूप में उन्हें नई और अहम जिम्मेदारी दी गई है।
अखिलेश साहू की नियुक्ति से प्रेमनगर क्षेत्र में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल है। पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और ग्रामीणजनों में इस निर्णय को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। लगातार बधाई संदेश और शुभकामनाएं मिल रही हैं, जिससे यह स्पष्ट है कि उनकी नियुक्ति को क्षेत्र में व्यापक समर्थन प्राप्त हो रहा है। संगठन को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में प्रेमनगर मंडल में पिछड़ा वर्ग मोर्चा और अधिक मजबूत होगा तथा संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा और गति मिलेगी।